लंबे ऑपरेशन के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
बिंदापुर। दिल्ली के बिंदापुर इलाके में घर का खर्च चलाने के लिए साले-बहनोई की जोड़ी झपटमारी करने लगे। पुलिस ने एक झपटमारी के मामले की छानबीन करते हुए 250 सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद आरोपियों की बाइक नंबर से इनकी पहचान कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन और रोहन के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने झपटी गई सोने की चेन का आधा टुकड़ा और बाइक बरामद कर ली है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 28 मार्च की दोपहर बिंदापुर थाना पुलिस को झपटमारी की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ध्वनि शर्मा ने बताया कि वह स्कूल से घर लौट रही थीं, तभी उत्तम नगर पश्चिम मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो लड़कों ने उसकी सोने की चेन झपट ली और भाग गए। छीना-झपटी में चेन टूट गई। चेन का आधा टुकड़ा शिकायतकर्ता के पास रह गया, जबकि बाकी आधा टुकड़ा आरोपी अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर थाना प्रभारी नरेश सांगवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जिसमें पता चला कि बदमाश बाइक पर सवार थे। पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के जरिए बाइक का नंबर और उसके मालिक चंदन का पता कर लिया।
पुलिस ने चंचल पार्क निवासी 36 साल के चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साला रोशन सेठ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता है। पुलिस ने शिवराम पार्क से उसके साले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रोशन के कब्जे से सोने की चेन का टुकड़ा बरामद कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वह बेरोजगार हैं और नौकरी नहीं मिलने पर घर का खर्च और कर्ज चुकाने के लिए वारदात को अंजाम देने लगा। पुलिस इनसे पूछताछ कर अन्य आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
